अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जोधपुर कलेक्ट्रेट पर किया जोरदार प्रदर्शन, छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) जोधपुर द्वारा आज छात्रसंघ चुनाव बहाल की मांग को लेकर जोधपुर कलेक्ट्रेट पर एक ज़ोरदार प्रदर्शन किया गया। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार की छात्रविरोधी नीतियों का विरोध किया और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से छात्रसंघ चुनाव तत्काल कराने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाज़ी करते हुए कहा कि छात्रसंघ चुनाव लोकतंत्र की पहली पाठशाला हैं और इसे बंद रखना युवाओं के अधिकारों का हनन है। परिषद ने सरकार को चेताया कि यदि शीघ्र चुनाव बहाल नहीं किए गए तो राज्यभर में व्यापक आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
विभाग संयोजक रावल जोशी ने कहा, “ABVP ने हमेशा छात्र हितों की लड़ाई लड़ी है और जब तक चुनाव बहाल नहीं होते, हमारा संघर्ष जारी रहेगा। सरकार को चाहिए कि वह तात्कालिक निर्णय लेकर लोकतंत्र की इस नींव को मजबूत करे।”
प्रदर्शन के पश्चात एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा गया जिसमें छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित करने की मांग की गई।


