नई दिल्ली: राहुल गांधी की दरभंगा रैली पर ग्रहण! प्रशासन और आयोजक आमने-सामने, बवाल बढ़ा
15 मई गुरूवार 2025-26
नई दिल्ली: दरभंगा. बिहार के दरभंगा से बड़ी खबर सामने आ रही है. दरअसल दरभंगा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. जिला प्रशासन और आयोजक आमने-सामने हैं. आयोजक बिना जिला प्रशासन की अनुमति के अंबेडकर कल्याण छात्रावास में कार्यक्रम करने पर अड़े हुए हैं, जबकि जिला प्रशासन ने 14 तारीख की देर शाम को टाउन हॉल में कार्यक्रम की अनुमति दी है. जिला प्रशासन ने टाउन हॉल में सुरक्षा की तैयारी की है.
वहीं, आयोजकों ने अंबेडकर कल्याण छात्रावास में मंच और जर्मन पंडाल तैयार कर लिया है. छात्रावास कल्याण के मामले में पुलिस बल छात्रावास खाली करवाने पहुंचा. कांग्रेस के कार्यकर्ता भी परिसर खाली करवाने के विरोध में वहां उपस्थित हुए. कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की स्थिति बन गई.
दलित छात्र-छात्राओं से मुलाकात करेंगे राहुल गांधी:
बता दें, राहुल गांधी आज बिहार दौरे पर आ रहे हैं. दरभंगा में उनका न्याय शिक्षा संवाद कार्यक्रम होना है. इस दौरान राहुल गांधी दलित छात्र-छात्राओं से मुलाकात करेंगे. राहुल गांधी का यह कार्यक्रम दरभंगा के टाउन हॉल में कराने की अनुमति मिली है. राहुल गांधी के समर्थक और कांग्रेस कार्यकर्ता आंबेडकर छात्रावास में कार्यक्रम कराने की जिद पर अड़े हैं. ऐसे में उनके कार्यक्रम को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. दरभंगा में कार्यक्रम खत्म करने के बाद राहुल गांधी पटना लौटेंगे. फिर पटना में राहुल गांधी फुले फिल्म देखेंगे. वहीं कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी के दौरे को लेकर तैयारी पूरी कर ली है.
5 महीने में राहुल गांधी का चौथा बिहार दौरा:
पिछले 5 महीने में राहुल गांधी का बिहार में यह चौथा दौरा है. इस बार राहुल गांधी बिहार के पटना और दरभंगा में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे. राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस पार्टी के भी कई बड़े नेता भी उनके साथ आ रहे हैं. राहुल गांधी पटना में ईबीसी समाज के विचारक ज्योतिराव फुले पर बनी फिल्म फुले देखेंगे, इस दौरान सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधि और दलित वर्ग के कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे. पार्टी सूत्रों के अनुसार दरभंगा में संवाद कार्यक्रम के दौरान स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति और भाजपा की नीतियों पर भी राहुल गांधी जनता के सामने कांग्रेस का पक्ष रखेंगे.


