इजरायल का ईरान पर हमला, सैन्य और परमाणु ठिकानों को बनाया निशानाईरानी आर्मी चीफ, आईआरजीसी चीफ और छह टॉप न्यूक्लियर वैज्ञानिक भी मारे गए20 से अधिक सैन्य कमांडरों सहित 104 लोगों की मौत
बड़ी खबर इजराइल
रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने शुक्रवार को कहा कि इजरायल ने ईरान पर पांच चरणों में जोरदार हमला किया है। इजरायल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने एक बयान में पुष्टि की है कि उसके जेट विमानों ने पहले चरण का हमला पूरा कर लिया है, जिसमें ईरान के विभिन्न क्षेत्रों में परमाणु ठिकानों सहित कई सैन्य ठिकानों पर एक साथ हमले किए हैं। मीडिया में जारी खबरों के अनुसार, इस हमले में 20 से अधिक सैन्य कमांडरों सहित 104 लोगों की मौत हुई है।
आधिकारिक समाचार एजेंसी इरना ने बताया कि ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉप्स के चीफ कमांडर होसैन सलामी और ईरान के खतम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के कमांडर घोलम-अली राशिद की हवाई हमलों में मौत हो गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इजरायली हवाई हमलों में 6 ईरानी परमाणु वैज्ञानिक भी मारे गए, जिनकी पहचान मोहम्मद-मेहदी तेहरांची और फेरेदून अब्बासी के रूप में हुई है।
हमले जारी रहेंगे: नेतन्याहू
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल का लक्ष्य ईरान के परमाणु ढांचे, ईरान की बैलिस्टिक मिसाइल फैक्ट्रियों और ईरान की सैन्य क्षमताओं पर हमला करना है और यह लगातार जारी रहेगा।
ईरान ने किया ऐलान-ए-जंग पवित्र जामकरन मस्जिद पर फहराया लाल झंडा
इस हमले के बाद ईरान ने शियाओं के लिए खास आअहमियत रखने वाली जामकरन मस्जिद के ऊपर लाल झंडा फहराया। इस झंडे के कहयाए जाने को ईरान की ओर से जंग का ऐलान समझा जाता है। हमले से ईरान की सेना भड़की हुई है। ईरानी सेना ने साफ कहा है कि वह इजरायल से बदला लेगा। इसके बाद ईरान की मस्जिद पर लाल झंडा भी फहरा दिया गया है।
ईरान और इजरायल ने हवाई क्षेत्र बंद किए
ईरान के सरकारी टीवी ने बताया कि तेहरान और नतान्ज, खोडब और खोरमाबाद की काउंटियों में विस्फोटों की रिपोर्ट मिली है, साथ ही बताया कि तेहरान में एक आवासीय इमारत में महिलाओं और बच्चों सहित कई लोगों के हताहत होने की सूचना मिली है। हमले के बाद इजरायल और ईरान दोनों ने अपने हवाई क्षेत्र बंद कर दिए। इजरायल ने पूरे देश में आपातकाल की घोषणा कर दी है।
पहले ही पहुंचा दिए थे हथियार
इजरायली अधिकारियों ने खुलासा किया कि उन्होंने इस एयर स्ट्राइक से पहले ही हथियार और ड्रोन ईरान के भीतर पहुंचा दिए थे और समय आते ही उनसे हमला किया।
नेतन्याहू ने मोदी से की बात ईरान और इजरायल में रह रहे भारतीय नागरिकों को सलाह सतर्क रहें, प्रोटोकॉल का पालन करें
नई दिल्ली। ईरान पर इजरायल के हवाई हमले के बाद भारत ने दोनों देशों में रह रहे भारतीय नागरिकों को सतर्कता बरतने और स्थानीय सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में जारी परामर्श में कहा कि ईरान की वर्तमान स्थिति को देखते हुए ईरान में सभी भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के व्यक्तियों से अनुरोध किया जाता है कि वे सतर्क रहे, सभी अनावश्यक गतिविधियों से बचें, दूतावास की सलाह का पालन करें और स्थानीय अधिकारियों की सलाह के अनुसार सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करें।
ईरान ने किया जवाबी हमला इजरायल पर 150 से ज्यादा मिसाइलें दागीं

ईरान की सेना ने शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे इजरायल पर जवाबी हमले शुरू कर दिए। ईरान ने इजरायल की ओर सैकड़ों बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन दागे। यह तेहरान के द्वारा ऑपरेशन दू प्रॉमिस नाम दिए गए अभियान की शुरुआत है। मीडिया में चल रही खबरों के अनुसार, यरूशलम में धमाके की कई आवाजें सुनी गईं, जिसके बाद सायरन बजने लगे। ईरान रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने इजरायल में दर्जनों ठिकानों पर हमलों की पुष्टि की है। ईरानी मीडिया के मुताबिक, 150 से ज्यादा मिसाइलें दागी गई है। यह हमला हाल ही में इजरायल द्वारा किए गए हवाई हमलों के सीधे जवाब में किया गया है।
ईरान पर हमले की जानकारी दी
नई दिल्ली। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को टेलीफोन पर ईरान पर हमले और वहां की स्थिति की जानकारी दी। मोदी ने एक्स पर पोस्ट में बताया कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन आया। उन्होंने मुझे उभरती हुई स्थिति के बारे में जानकारी दी। मैने भारत की चिंताओं को साझा किया।


